
- मुठभेड़ में घायल बदमाश अस्पताल से फरार
- सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की लापरवाही आई सामने
- CCTV और सर्विलांस से झाड़ियों से फिर पकड़ा गया आरोपी
कानपुर। पुलिस की गिरफ्त में आया एक शातिर बदमाश शुक्रवार सुबह अस्पताल से फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जूही परमपुरवा निवासी मुन्ना को गुरुवार रात बर्रा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुरक्षा के लिए तीन दरोगा और एक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी माइनर ऑपरेशन थियेटर से बाहर निकला और मौका पाकर फरार हो गया। उस समय दो दरोगा बाहर बनी चौकी में थे, एक दरोगा अस्पताल परिसर में मौजूद था, जबकि एक सिपाही ऑपरेशन थियेटर के पास तैनात था। सुरक्षा में इस चूक का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत शहर में अलर्ट जारी कर दिया। चारों ओर घेराबंदी की गई और स्वॉट, सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय कर दी गईं।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) Shravan Kumar Singh ने बताया कि CCTV फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की गई और उसे झाड़ियों से बरामद कर लिया गया। आरोपी को पकड़ने वाली क्राइम ब्रांच टीम को ₹25 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई है।
हाईवे पर लूट की वारदात
यह वही बदमाश है, जिसने 24 घंटे पहले हाईवे पर तमंचे के बल पर एक युवक से बाइक और मोबाइल लूट लिया था। बर्रा क्षेत्र के खाड़ेपुर निवासी मोहित निषाद से बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की थी।









