हिमाचल में अगले 48 घंटे भीषण गर्मी का अलर्ट

कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी

  • 27 मई को शिमला में भी हीटवेव की चेतावनी
  • 28 मई से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के संकेत
  • मौसम बदलने से गर्मी से राहत मिलने की संभावना

हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तापमान में आज और कल 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को खासकर दिन के समय मैदानी इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

IMD के मुताबिक 26 मई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 मई को इन जिलों के साथ शिमला जिले में भी गर्मी को लेकर चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई को भी ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। हालांकि इसी दिन से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में मौसम बदल सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक तापमान में गिरावट और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बादल छाने की संभावना भी बन सकती है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button