
- शेयर निवेश विवाद के बीच लिया इस्तीफा
- निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उठाया कदम
- फेसबुक पोस्ट में नैतिकता को बताया सर्वोपरि
नेपाल। नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह निर्णय अपने वित्तीय निवेश (शेयरों) को लेकर उठे सवालों के बीच नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए लिया है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।
गुरुंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि वह सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि मानते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि वह 2082 चैत्र 13 से गृहमंत्री के रूप में पूरी ईमानदारी से काम कर रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके शेयर और संपत्ति को लेकर कई सवाल उठे हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की चिंताओं को उन्होंने गंभीरता से लिया है और किसी भी पद से ज्यादा महत्वपूर्ण नैतिकता होती है। गुरुंग के अनुसार, जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से उनके वित्तीय निवेश और संपत्ति को लेकर सार्वजनिक स्तर पर चर्चा हो रही थी, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। उनके इस्तीफे के बाद अब सरकार और संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की आगे जांच की जाएगी।









