
- बीमार बेटी को अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में हुआ हादसा
- टक्कर के बाद मां-बेटी ट्रेलर के नीचे, पिता दूर जा गिरा
- भागने की कोशिश कर रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में गुरुवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में पति-पत्नी और उनकी 7 महीने की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि थाना कोठीभार क्षेत्र के पकड़ी भारतखंड निवासी नौशाद (28) अपनी पत्नी सलेहा (26) और बीमार 7 माह की बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान सिंदुरिया-चिउटहां मार्ग पर बलुवही धूंस गांव के पास पीछे से आ रहे गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बिखर गया परिवार
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही पत्नी और मासूम बेटी ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए, जबकि नौशाद करीब 4 फीट दूर जा गिरा। तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हेलमेट पहने होने के बावजूद नौशाद की जान नहीं बच सकी।
खून से लाल हुई सड़क, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर खून ही खून फैल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
भागते चालक को लोगों ने पकड़ा
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
मामले में पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









