होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, निष्पक्ष परीक्षा के निर्देश

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए प्रशासन सक्रिय नजर आया। शनिवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को मौके पर परखा और आवश्यक निर्देश दिए।

इन केंद्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर, बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, सर्वोदय इंटर कॉलेज कोटवा मोहम्मदपुर और डॉ जीके जेटली इंटर कॉलेज अकबरपुर का जायजा लिया गया। यहां क्लॉक रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और परीक्षा कक्षों की व्यवस्था देखी गई।

एसओपी का पालन अनिवार्य
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 9 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा। केंद्र व्यवस्थापकों और तैनात मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।

अभ्यर्थियों के लिए सुविधाओं पर जोर
भीषण गर्मी को देखते हुए अधिकारियों ने खास निर्देश दिए। सभी केंद्रों पर पेयजल, छायादार प्रतीक्षास्थल, शौचालय, बिजली और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश
प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग और अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन को अनिवार्य किया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

निरीक्षण के दौरान संबंधित मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे। सभी को समन्वय के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button