अंबेडकरनगर में रात की अघोषित बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी

न्यौरी उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को 4–5 घंटे तक नहीं मिल रही बिजली

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले के विद्युत वितरण खंड आलापुर के अंतर्गत आने वाले न्यौरी विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में ग्रामीण उपभोक्ता इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। रात के समय लगातार बिजली बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

न्यौरी उपकेंद्र से रुस्तमपुर, आमा दरवेशपुर, गोविंद साहब और कौड़ाही फीडर संचालित होते हैं। इन फीडरों से करीब दस हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले दो दिनों से रात में 4 से 5 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। शनिवार रात तो कई क्षेत्रों में केवल 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल सकी।

निर्धारित शेड्यूल का पालन नहीं

सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल तय किया गया है। हालांकि, उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस शेड्यूल का पालन नहीं हो रहा। खासकर रात में होने वाली कटौती का कहीं उल्लेख नहीं है, फिर भी रोजाना आपूर्ति बाधित की जा रही है।

गर्मी और उमस से बढ़ी मुश्किलें

रात में बिजली न रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी और अंधेरे में समय बिताना पड़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ रहा है।न्यौरी उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रशांत तिवारी के अनुसार, मुख्य सप्लाई फेल होने के कारण रात में आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सप्लाई बहाल होती है, तुरंत बिजली चालू कर दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button