
- बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
- जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
- पिता की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
संभल। संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की कथित रूप से जहर देकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता सतपाल, जो थाना कैलादेवी क्षेत्र के कैलमुंडी गांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले अपनी बेटी रेनू की शादी अकबरपुर निवासी कृष्ण के साथ की थी। शादी में मोटरसाइकिल, नकद रुपये और घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे।
आरोप है कि पति, सास और अन्य परिजन दहेज को लेकर रेनू को लगातार प्रताड़ित करते थे। करीब एक माह पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद रेनू कुछ समय के लिए मायके आ गई थी।









