
- फीस वृद्धि के खिलाफ छात्रों का अनोखा ‘भीख मांगो’ प्रदर्शन
- गेट नंबर-1 पर रास्ता रोककर किया विरोध
- प्रॉक्टोरियल बोर्ड से तीखी नोकझोंक
- दूषित पानी और सुविधाओं की कमी का आरोप
लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ। फीस वृद्धि के विरोध में विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को छात्र संगठनों NSUI और समाजवादी छात्रसभा से जुड़े छात्रों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कैंपस में कटोरा और प्लेट लेकर भीख मांगी और इकट्ठा किए गए सिक्कों को प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सौंप दिया।
दोपहर करीब 2 बजे छात्रों ने गेट नंबर-1 के पास रास्ता रोककर प्रदर्शन शुरू किया। अचानक छात्रों को भीख मांगते देख अन्य विद्यार्थी भी हैरान रह गए। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और छात्रों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान छात्रों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में छात्र गेट के बीचोंबीच धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय लाखों रुपये फीस लेने के बावजूद बुनियादी सुविधाएं देने में विफल है। उनका कहना है कि कैंपस में पीने के पानी का TDS स्तर 702 पाया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
इससे पहले SFI ने भी फीस वृद्धि को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए इसे वापस लेने की मांग की थी। फिलहाल, छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।









