
- लखनऊ में क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का भव्य शुभारंभ
- 9 राज्यों के कृषि मंत्री और विशेषज्ञ शामिल
- यूपी की कृषि विकास दर 18% तक पहुंचने का दावा
लखनऊ। राजधानी में क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसमें योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। इस सम्मेलन में देश के 9 राज्यों के कृषि मंत्री भी शामिल हुए, जहां कृषि क्षेत्र में नवाचार और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 से पहले कृषि विज्ञान केंद्रों की स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब हर जिले में आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की कृषि विकास दर अब 18% तक पहुंच गई है, जो किसानों की मेहनत और वैज्ञानिक सहयोग का परिणाम है।
सीएम योगी ने “लागत कम, उत्पादन ज्यादा” के मंत्र पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना है। इसके लिए उन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर बीज और बाजार तक पहुंच जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
सम्मेलन में प्राकृतिक खेती को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में सीएम ने ‘नेचुरल फार्मिंग’ को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहेगी और लोगों को शुद्ध व पौष्टिक भोजन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्रों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि अब वैज्ञानिक सीधे किसानों से जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। सरकार की योजनाएं बीज से लेकर बाजार तक किसानों को सहयोग दे रही हैं, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो रहे हैं।








