BBAU में छात्रा की मौत पर बवाल

वीसी आवास में घुसे छात्र, मेस पर लापरवाही के आरोप

  • छात्रा अनामिका सिंह की मौत के बाद भड़का आक्रोश
  • आधी रात को वीसी आवास पहुंचे छात्र, गेट तोड़कर घुसे
  • मेस के खाने से फूड पॉइजनिंग का आरोप
  • छात्र-छात्राओं ने सुरक्षा गार्डों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया

बाबासाहब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में एक छात्रा की मौत के बाद मंगलवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए छात्र आधी रात को वीसी प्रोफेसर आरके मित्तल से मिलने की मांग को लेकर उनके आवास पहुंच गए।

जब छात्रों को अंदर जाने से रोका गया तो बड़ी संख्या में छात्र वीसी आवास के बाहर इकट्ठा हो गए और बंद गेट को जबरदस्ती खोलकर अंदर घुस गए। हालांकि उस समय वीसी आवास पर मौजूद नहीं थे और कैंपस से बाहर थे।

यह पूरा विवाद इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की फर्स्ट ईयर छात्रा अनामिका सिंह की मौत के बाद शुरू हुआ। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल के मेस का खाना खाने के बाद छात्रा को फूड पॉइजनिंग हो गई थी। उसका इलाज पिछले 5 दिनों से वाराणसी में चल रहा था, जहां मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई।

छात्रों ने यशोधरा हॉस्टल और मेस प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। छात्रा वंशिका चौबे का कहना है कि मेस के खाने में अक्सर कीड़े निकलते हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

छात्रों का आरोप है कि जब वे अपनी बात रखने पहुंचे तो प्रशासन ने सुरक्षा गार्ड बुला लिए। इस दौरान गार्डों ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें महिला छात्राओं के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई।

घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और छात्र जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button