व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग

संदिग्ध हमलावर ढेर; ट्रम्प अंदर मौजूद थे

  • अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध हमलावर ने करीब 30 राउंड फायरिंग की। सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया। घटना के समय डोनाल्ड ट्रम्प व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे।

वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में White House के पास शनिवार देर रात फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक संदिग्ध शख्स ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट के पास करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार फायरिंग भारतीय समयानुसार रात करीब 3:30 बजे से सुबह 5 बजे के बीच हुई। हमलावर ने उस चेकपॉइंट को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे।

सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध हमलावर को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है, जो अमेरिका के मैरीलैंड राज्य का निवासी बताया जा रहा है।

इस घटना में एक आम नागरिक भी गोली लगने से घायल हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायल व्यक्ति को हमलावर की गोली लगी या जवाबी फायरिंग के दौरान वह घायल हुआ। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा एजेंसियों ने घेर लिया और जांच शुरू कर दी गई। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावर का मकसद क्या था और क्या वह किसी संगठन से जुड़ा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button