
- बीकेटी के कोटवा गांव में महिला की मौत
- कीटनाशक दवा खाने से गई जान
- पड़ोसी युवक पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र के कोटवा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने कीटनाशक दवा खाकर आत्मघाती कदम उठाया।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय निशा के रूप में हुई है, जिनकी शादी वर्ष 2012 में संदीप से हुई थी। परिवार में उनका एक बेटा सत्यम और एक बेटी पूर्वी है। दंपति मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के मुताबिक, पड़ोसी युवक सुरेंद्र, जो खुद भी शादीशुदा है, निशा से बातचीत करता था। आरोप है कि दो दिन पहले उसने महिला के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर पोस्ट कर दी। इसके बाद वह लगातार फोन कर महिला पर मिलने और बातचीत का दबाव बना रहा था।
परिवार का कहना है कि इस मानसिक दबाव और बदनामी के डर से परेशान होकर निशा ने कीटनाशक दवा खा ली, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।









