प्रयागराज दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का करेंगे शुभारंभ

  • राजनाथ सिंह 3 मई को पहुंचेंगे प्रयागराज
  • अरैल में सेना के कल्चरल इवेंट में होंगे शामिल
  • 4 मई को नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का उद्घाटन करेंगे

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। वह 3 मई की शाम अरैल क्षेत्र में भारतीय सेना द्वारा आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

अगले दिन 4 मई को वह न्यू कैंट स्थित कोबरा ऑडिटोरियम में आयोजित नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का उद्घाटन करेंगे। यह सिम्पोजियम 4 से 6 मई तक चलेगा, जिसमें रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उद्घाटन के बाद रक्षा मंत्री दोपहर में दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय राज्य मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) जितेंद्र सिंह के शामिल होने की भी संभावना है। आयोजन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी प्रतिनिधि, रक्षा विशेषज्ञ और उद्योग जगत से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।

आधुनिक रक्षा तकनीकों का प्रदर्शन
नॉर्थ टेक सिम्पोजियम में सेना में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक तकनीकों और उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। कई तकनीकों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे लोगों को इनके उपयोग और कार्यप्रणाली की जानकारी मिल सके।

ड्रोन और सैन्य वाहनों पर खास फोकस
कार्यक्रम में ड्रोन, ऑल-टेरेन वाहन, सर्विलांस सिस्टम और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी तकनीकों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। खास बात यह है कि इसमें स्वदेशी तकनीकों पर अधिक जोर दिया जाएगा, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button