
- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भारत माता मंदिर से की शुरुआत
- 81 दिन में यूपी की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी यात्रा
- गायों के संरक्षण और ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने पर फोकस
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रविवार सुबह 81 दिन की ‘गो सेवा यात्रा’ की शुरुआत की। यात्रा का शुभारंभ सहारा एस्टेट स्थित भारत माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
यात्रा के आरंभ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक व्यक्ति विशेष तक संदेश पहुंचाना नहीं है, बल्कि गोरक्षा के प्रति जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर, गुरु गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली है, इसलिए इस पवित्र स्थान से यात्रा की शुरुआत की गई है।
यह यात्रा गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से शुरू होकर शहर विधानसभा क्षेत्र में पूर्ण होगी। इसका मुख्य उद्देश्य गायों के संरक्षण को बढ़ावा देना और गो माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने के लिए लोगों को जागरूक करना है।
हर दिन 5 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद इस यात्रा के दौरान प्रतिदिन करीब 5 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे और अपने रथ के माध्यम से लोगों को संबोधित करेंगे। यात्रा का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।









