अंबेडकरनगर हत्याकांड का खुलासा: मां नहीं, पड़ोसी आमिर निकला कातिल

शादी और जमीन के लालच में महिला समेत 4 बच्चों की हत्या, पुलिस को गुमराह करने की रची साजिश

अंबेडकरनगर में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, चार बच्चों की हत्या उनकी मां ने नहीं, बल्कि पड़ोसी युवक आमिर ने की थी। सोमवार को पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी आमिर को एनकाउंटर में मार गिराया।

सीओ नीतीश तिवारी के अनुसार, मृत महिला का पति सऊदी अरब में रहता है और परिवार के मुताबिक उसने वहां दूसरी शादी कर ली थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी आमिर महिला पर शादी का दबाव बना रहा था और उसकी जमीन हड़पना चाहता था। महिला द्वारा इनकार करने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

घटना 2 मई की बताई जा रही है, जब आरोपी ने महिला और उसके बच्चों के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद आमिर ने चारों बच्चों की हत्या कर दी। इसी बीच महिला को होश आया और उसने शोर मचाया, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने महिला की लाश को करीब 200 मीटर तक घसीटकर नाले में फेंक दिया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके और मामला मां द्वारा बच्चों की हत्या का लगे। शुरुआती जांच में पुलिस भी इसी भ्रम में आ गई थी।

हालांकि, रविवार को जब महिला गौसिया का शव नाले से बरामद हुआ और उसके शरीर पर चोट के निशान मिले, तो पुलिस की थ्योरी बदल गई। इसके बाद हत्या के एंगल से जांच शुरू की गई, जिसमें आरोपी आमिर का नाम सामने आया।

यह सनसनीखेज मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले का है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया और मामले का खुलासा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button