लखनऊ में किन्नर गिरोह का खुलासा, टहलने निकली महिला से लूट

  • किन्नर वेश में महिलाओं को बनाते थे निशाना
  • 100 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला राज
  • ओला कैब से करते थे वारदात, एक आरोपी फरार

लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में सुबह टहलने निकली महिला से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में किन्नर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, कान की बालियां और वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता विभा यादव ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह टहलकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान जायसवाल बर्तन भंडार के पास एक वैगनआर कार आकर रुकी। कार से किन्नर वेश में उतरी एक महिला ने उनसे बातचीत शुरू की और 100 रुपये मांगे। जब पीड़िता ने पैसे न होने की बात कही, तो आरोपी ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र और कान की बालियां लूट लीं और साथियों के साथ फरार हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर टीम गठित कर 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर मंगलवार को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय रावत उर्फ रानी किन्नर, आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका और रफीक अहमद बताया। पुलिस के अनुसार, गिरोह किन्नर वेश का फायदा उठाकर ओला कैब बुक करता था और अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। पैसे न देने पर आरोपी महिलाओं को डराकर उनकी ज्वेलरी लूट लेते थे। इस गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button