गोमतीनगर विस्तार में थार सवार का उत्पात, बैरिकेडिंग तोड़कर किया स्टंट

लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार इलाके में एक युवक द्वारा सड़क पर खतरनाक स्टंट करने और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बिना नंबर की थार से सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर गिराता नजर आ रहा है और फिर चलती गाड़ी का गेट खोलकर उस पर खड़ा दिखाई दे रहा है।

यह वीडियो जी-20 रोड का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि थार सवार युवक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए पहले स्पीड कंट्रोल के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को गिरा दिया, इसके बाद वह गाड़ी दौड़ाता हुआ आगे निकल गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट करता हुआ नजर आता है। गाड़ी मरीन ड्राइव की ओर जाती दिखाई दे रही है।

युवक ने इस पूरे घटनाक्रम की रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की है। रील में उसने बैकग्राउंड में गाना लगाया है— “काम तुम्हारे सारे गुंडों वाले हैं, फिर तुम अपने को सादा सिंपल कहते हो।” वीडियो में युवक करीब आधे घंटे तक सड़कों पर लापरवाही से वाहन चलाता नजर आ रहा है।

हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

इस घटना ने सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button