
अंबेडकरनगर जनपद न्यायालय के एडीआर भवन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और न्यायिक अधिकारी शामिल हुए। लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर दिया गया।
09 मई को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
09 मई 2026 को जनपद न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय, कलक्ट्रेट, सभी तहसीलों, उपभोक्ता फोरम और अन्य विभागों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान रहेगा।
बैठक में दिए गए निर्देश
बैठक की अध्यक्षता विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी अधिनियम एवं नोडल अधिकारी पवन कुमार शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर समय से निस्तारित किया जाए। साथ ही आमजन के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा यादव भी बैठक में मौजूद रहीं। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम करने की बात कही।
अधिकारियों ने जताई प्रतिबद्धता
बैठक में सिविल जज और मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक और यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। सभी ने निर्देशों के अनुसार कार्य करने और राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।









