बरेली में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, चार पर केस दर्ज

घर के पास रोककर कनपटी पर मारी गोली, पुलिस ने प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद की आशंका जताई।

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बारादरी थाना क्षेत्र के गोसाई गोटिया गांव की है। मृतक की पहचान अर्जुन मौर्य के रूप में हुई है, जो डीजे संचालन और पेंटिंग का काम करता था। वह एक सामाजिक संगठन से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात अर्जुन काम खत्म कर घर लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पहले ही उसे पड़ोसी युवक और उसके साथियों ने रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों में से एक युवक ने कथित रूप से तमंचे से अर्जुन को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल अर्जुन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में पड़ोसी युवक कुश समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी युवक और मृतक की बहन के बीच प्रेम संबंधों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button