
अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद इलाके में महिला और उसके चार बच्चों की हत्या के आरोपी 19 वर्षीय आमिर के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया। सोमवार को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आमिर का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया, लेकिन शुरुआत में परिवार ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।
परिवार का कहना था कि आमिर ने जो किया वह इंसानियत के खिलाफ था और अब उससे उनका कोई संबंध नहीं है।
इमाम और परिजनों ने भी किया अंतिम संस्कार से इनकार
घटना के बाद स्थिति और जटिल हो गई जब स्थानीय इमाम और आमिर के चाचा ताज मोहम्मद ने भी कब्र पर फातिहा पढ़ने से इनकार कर दिया। दोनों ने साफ कहा कि ऐसे अपराध के बाद वे किसी धार्मिक रस्म में शामिल नहीं होंगे।
इस स्थिति में पुलिस को खुद सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी करनी पड़ी।
पुलिस की समझाइश के बाद बदला फैसला
काफी समझाने के बाद देर रात परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। इसके बाद आमिर को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने बताई स्थिति
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शुरुआत में परिजन शव लेने से इनकार कर रहे थे, लेकिन बाद में सामाजिक दबाव और लोकलाज के कारण परिवार ने अंतिम संस्कार किया।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई।









