पंजाब : पंजाब में मंगलवार देर रात हुए दो संदिग्ध धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अमृतसर और जालंधर में महज तीन घंटे के भीतर हुए इन विस्फोटों ने सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
अमृतसर आर्मी कैंट के पास धमाका
Amritsar के खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंट के पास देर रात करीब 10:50 बजे जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार कुछ नकाबपोश हमलावरों ने बाहर से विस्फोटक जैसी वस्तु कैंट क्षेत्र की ओर फेंकी। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में दहशत फैल गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सेना क्षेत्र के पास लगी टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गई और गेट नंबर 6 तथा 7 के पास दीवार को भी नुकसान पहुंचा।
फॉरेंसिक जांच में जुटीं एजेंसियां
घटना के बाद सेना, पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जांच एजेंसियों को घटनास्थल से लोहे और धातु के कुछ टुकड़े मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक को पेशेवर तरीके से तैयार किया गया था।
जालंधर में भी धमाके से मचा हड़कंप
अमृतसर घटना के कुछ घंटे पहले Jalandhar में बीएसएफ चौक के पास एक स्कूटर में आग लगने और धमाके की घटना सामने आई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हैं।









