
- पारा 40 डिग्री के करीब, बिजली सप्लाई ठप
- कई इलाकों में रातभर और दिन में घंटों कटौती
- बार-बार ट्रिपिंग से बढ़ी परेशानी
मुरादाबाद में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। एक ओर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।
शहर के मानसरोवर कॉलोनी, बुद्धि विहार, कांशीराम नगर, लाइनपार और मिलन विहार समेत कई इलाकों में रात के समय करीब 4 घंटे तक बिजली गुल रही। इसके अलावा बार-बार हो रही ट्रिपिंग से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। हर आधे घंटे में बिजली आने-जाने से उपभोक्ता गर्मी में बेहाल हैं।
पीतल बस्ती, एकता कॉलोनी और कांठ रोड की कई कॉलोनियों में भी यही हाल देखने को मिल रहा है। वहीं दिल्ली रोड स्थित रॉयल एन्क्लेव, रेल विहार और नया मुरादाबाद जैसे क्षेत्रों में सुबह 5 बजे से बिजली सप्लाई ठप है, जो दोपहर तक भी बहाल नहीं हो सकी।
भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की इस समस्या से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग रातभर जागने को मजबूर हैं और दिन में भी राहत नहीं मिल पा रही है।
इस मामले में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा कि अलग-अलग इलाकों में बिजली गुल होने के कारणों की जानकारी संबंधित जेई ही दे सकते हैं। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।









