
भारत: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण रिश्तों के बीच अरब सागर से एक सकारात्मक खबर सामने आई है। तकनीकी खराबी के कारण बीच समुद्र में फंसे भारतीय मर्चेंट जहाज ‘गौतम’ को Pakistan Navy ने सहायता उपलब्ध कराई।
जानकारी के मुताबिक यह जहाज ओमान के शिनास बंदरगाह से गुजरात के आलंग की ओर जा रहा था। तीन मई को समुद्र में जहाज का मुख्य जनरेटर अचानक खराब हो गया, जिसके बाद उसकी बिजली और अधिकांश संचार प्रणाली बंद हो गई। उस समय जहाज पाकिस्तान के समुद्री सर्च एंड रेस्क्यू क्षेत्र में मौजूद था।
सूचना मिलने के बाद पाकिस्तानी नौसेना ने जहाज तक जरूरी खाने-पीने का सामान पहुंचाया। हालांकि तकनीकी खराबी को ठीक नहीं किया जा सका। जनरेटर बंद होने के बाद जहाज बिना इंजन के धीरे-धीरे समुद्र में बहने लगा।
जहाज पर कुल सात क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें छह भारतीय और एक इंडोनेशियाई नागरिक शामिल थे। बाद में जहाज भारतीय समुद्री क्षेत्र की ओर बहता हुआ पहुंचा, जिसके बाद Indian Coast Guard ने राहत अभियान शुरू किया। भारतीय तटरक्षक जहाज ‘राजरतन’ को मौके पर भेजा गया। जांच में सामने आया कि जहाज का मुख्य जनरेटर पूरी तरह खराब हो चुका है और केवल सीमित संचार व्यवस्था ही काम कर रही है। तटरक्षक बल ने जहाज को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए टग बोट की मांग की है। फिलहाल जहाज पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी बड़े समुद्री हादसे को रोका जा सके।









