हाईटेंशन लाइन से टकराई ट्रॉली, लगी भीषण आग

 सीतापुर में गन्ने की खोई से भरी ओवरलोड ट्रॉली बनी आग का गोला, बड़ा हादसा टला

सीतापुर के बिसवां नगर स्थित शुगर मिल के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गन्ने की खोई (बगास) से लदी एक ओवरलोड और ओवरहाईट ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई, जिससे उसमें अचानक आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली शुगर मिल क्षेत्र से गुजर रही थी। ट्रॉली में खोई जरूरत से ज्यादा ऊंचाई तक भरी हुई थी। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। संपर्क होते ही चिंगारी निकली और सूखी खोई ने तुरंत आग पकड़ ली।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रॉली में लदी पूरी खोई धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगते ही ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button