
शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में प्रेम संबंध का विरोध होने पर प्रेमी युगल ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। कुबेरपुर गांव में पेड़ से दोनों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
Shahjahanpur जिले के थाना परौर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुबेरपुर गांव में बुधवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतकों की पहचान गांव निवासी सोविंदर और नन्ही के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। हालांकि परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिजनों के विरोध और सामाजिक दबाव के कारण दोनों काफी परेशान चल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर प्रेमी युगल ने आत्मघाती कदम उठा लिया। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने गांव के बाहर पेड़ से दोनों के शव लटके देखे।
सूचना मिलने के बाद थाना परौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं।









