
NEET UG 2026 परीक्षा में पेपर लीक की आशंका के बीच Rajasthan Special Operations Group (SOG) ने बड़ी कार्रवाई की है। 10 मई को मिली इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर SOG ने Dehradun, Sikar और Jhunjhunu से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि परीक्षा के 720 अंकों में से करीब 600 अंकों के सवाल परीक्षा से दो दिन पहले ही कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि 1 मई को केरल के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS कर रहे छात्र ने यह गेस पेपर सीकर में अपने दोस्त को भेजा था।
इसके बाद यह पेपर एक पीजी संचालक तक पहुंचा, जिसने अपने यहां रहने वाले छात्रों को इसे उपलब्ध कराया। धीरे-धीरे यह कई अन्य छात्रों तक भी फैल गया।
SOG की जांच में सामने आया है कि छात्रों तक पहुंचा ‘क्वेश्चन बैंक’ हाथ से लिखा हुआ था। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल शामिल थे। सभी सवाल एक ही हैंडराइटिंग में लिखे गए थे। इनमें से करीब 150 सवाल NEET UG 2026 की वास्तविक परीक्षा में हूबहू आने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल एजेंसी सोशल मीडिया चैट, कॉल लॉग और संदिग्धों के संपर्कों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मामला केवल गेस पेपर का है या फिर संगठित तरीके से पेपर लीक किया गया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी गेस पेपर से कुछ सवाल परीक्षा में आना सामान्य हो सकता है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में प्रश्नों का मेल होना गंभीर जांच का विषय है।









