हीटवेव से निपटने की तैयारी तेज

पेयजल, दवाइयों और जनजागरूकता अभियान पर विशेष जोर

अम्बेडकरनगर। भीषण गर्मी और संभावित लू-प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने हीटवेव प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लू से बचाव, राहत कार्यों और विभागीय तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पंचायती राज, पशुपालन, नगर निकाय, श्रम, जल निगम, विद्युत, शिक्षा, परिवहन, वन, सूचना, अग्निशमन और कृषि विभाग सहित अन्य विभागों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और हीटवेव से जनहानि रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लू से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। “क्या करें और क्या न करें” संबंधी जानकारी गांवों, कस्बों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जाए।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके।

स्वास्थ्य विभाग को दिए विशेष निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, ओआरएस और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हीट स्ट्रोक के मामलों से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया।

वहीं नगर निकायों और पंचायत विभाग को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button