
अंबेडकरनगर। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी कार्यालय रामनगर में शनिवार को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ स्तर की समीक्षा और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
संगठन की मजबूती पर दिया जोर
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व सांसद और आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। संगठन मजबूत होने पर ही चुनावी सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर निर्देश
विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि सभी कार्यकर्ता मतदाता सूची का पुनरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। जिन लोगों का नाम सूची से छूट गया है, उसे शामिल कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उनकी जांच कर सही स्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर की तैयारी से ही चुनाव में बेहतर परिणाम मिलते हैं।
2027 चुनाव को लेकर रणनीति
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि संगठन की ताकत के बल पर चुनाव जीतकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में जिला उपाध्यक्ष रामप्यारे निषाद, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य अजीत कुमार यादव, जिला सचिव रामचन्द्र वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी बांकेलाल गौतम, अजय गौतम एडवोकेट, संजय शर्मा, प्रेम सागर प्रजापति, प्रदेश सचिव शमशाद फारूकी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।









