किसान हाईस्कूल सेमउर में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव

अम्बेडकरनगर। हंसवर क्षेत्र स्थित किसान हाईस्कूल सेमउर में विद्यालय का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी रजनीश श्रीवास्तव ने निभाई। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

शिक्षा को बताया विकास का आधार

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास के साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन का मुख्य आधार बनाने की अपील की।

नेशनल इंटर कॉलेज हंसवर के शिक्षक मोहम्मद असलम खान ने कहा कि शिक्षा मेहनत, नैतिकता और मानवता की मजबूत नींव रखती है। शिक्षा से ही संस्कारों का विकास होता है और संस्कारित बच्चे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं।

प्रतिभाओं को मंच देने वाला आयोजन

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि शिक्षित समाज से ही भारत का समग्र विकास संभव है। संजय यादव ने शिक्षा को समाज की आधारशिला बताया और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत और अन्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में मो. जावेद ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर आजाद सिंह, आनंद श्रीवास्तव, मोनू सिंह, घनश्याम वर्मा, शैलेन्द्र, शरीफ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button