
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने नॉर्वे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा मीडिया के सवाल नहीं लेने को लेकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब दुनिया एक “कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम” को सवालों से बचते हुए देखती है, तो इससे भारत की छवि प्रभावित होती है।
राहुल गांधी ने नॉर्वे की पत्रकार Hege Løyning की सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “जब छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो डरने की भी कोई बात नहीं है।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को नॉर्वे के प्रधानमंत्री Jonas Gahr Støre के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में शामिल हुए थे। हालांकि, इस दौरान मीडिया के सवाल नहीं लिए गए। पीएम मोदी दो दिवसीय नॉर्वे दौरे पर हैं, जो मंगलवार शाम समाप्त हो रहा है।
संयुक्त प्रेस वार्ता समाप्त होने के बाद जब दोनों नेता वहां से जाने लगे, तब पत्रकार हेगे लोनिंग ने प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया कि “आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस के सवालों का जवाब क्यों नहीं देते?” हालांकि, इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया गया।
इसके बाद पत्रकार ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि नॉर्वे वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में पहले स्थान पर है, जबकि भारत 157वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि इस सूची में भारत का मुकाबला फिलीस्तीन, यूएई और क्यूबा जैसे देशों से हो रहा है।
वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय ने 18 मई को पत्रकार की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए प्रतिक्रिया दी। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रेस ब्रीफिंग आयोजित कर रहा है और पत्रकार वहां आकर अपने सवाल पूछ सकती हैं।









