लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री पार पहुंच सकता है तापमान

गर्म हवाओं से लोग बेहाल, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Lucknow में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिला। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। शहर में आसमान से आग बरसती महसूस हुई और लोग सिर ढककर घरों से बाहर निकलते नजर आए। बढ़ती गर्मी का असर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी दिख रहा है, जहां कई मोबाइल फोन गर्मी के कारण अलर्ट देने लगे।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

31 साल पुराना रिकॉर्ड टूटने की आशंका

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन से चार दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। यदि तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो मई 1995 में दर्ज 46.5 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा था। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button