
- अम्बेडकरनगर में ऑपरेशन मुस्कान की सराहनीय कार्रवाई
- जलालपुर में भटकती मिली 10 वर्षीय बच्ची
- बच्ची मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई गई
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में जलालपुर थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत सराहनीय कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बच्ची को उसके परिजनों से सकुशल मिलाया। बच्ची जलालपुर कस्बे में भटकती हुई मिली थी। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता से उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को करीब 10 वर्षीय बच्ची निशा जलालपुर कस्बे में अकेली घूमती मिली। बच्ची मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई गई। सूचना मिलने पर थाना जलालपुर की बाल कल्याण अधिकारी महिला उप निरीक्षक वंदना सरोज और कांस्टेबल धनंजय यादव मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित थाने लाए।
पुलिस ने उपलब्ध कराई जरूरी सुविधाएं
थाने पर बच्ची को भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पुलिसकर्मियों ने बच्ची से उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया। इसके बाद ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सोशल मीडिया और हेल्पलाइन की मदद से मिली सफलता
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया, सी-प्लान, चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से बच्ची के परिवार की तलाश की। लगातार प्रयास के बाद बच्ची के माता-पिता सोनू कुमार और संगीता निवासी बनकरा थाना उभाव, जनपद बलिया का पता लगाया गया।
नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद बच्ची निशा कुमारी को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। बेटी को सुरक्षित देखकर परिवार ने पुलिस टीम का आभार जताया।









