
- आज दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की अहम बैठक
- सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार पहुंचे दिल्ली
- खड़गे और राहुल गांधी से होगी मुलाकात
नई दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार आज सुबह 11 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ अहम बैठक करेंगे।
राज्य में मुख्यमंत्री पद और कैबिनेट फेरबदल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दोनों नेता सोमवार रात दिल्ली पहुंचे। सिद्धारमैया के साथ कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर भी मौजूद रहे।
दिल्ली पहुंचने के बाद सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें पार्टी हाईकमान ने बुलाया है। उन्होंने कहा, “बैठक का एजेंडा क्या है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। वेणुगोपाल ने फोन कर समय और तारीख बताई थी।”
वहीं डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि कुछ परिस्थितियों में दिल्ली जाना जरूरी हो जाता है। उनके बयान के बाद कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता संतुलन की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि बैठक में राज्य सरकार के नेतृत्व, कैबिनेट विस्तार और पार्टी के अंदर चल रहे विवादों पर चर्चा हो सकती है।
इस बीच कर्नाटक सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि दिल्ली में होने वाली बैठक का उद्देश्य पार्टी के अंदर चल रहे मुद्दों को सुलझाना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता गृह मंत्री जी परमेश्वर के समर्थन में भी आवाज उठा रहे हैं, जिससे पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन की चर्चा बढ़ गई है।
सोमवार को जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कर्नाटक की राजनीतिक स्थिति पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी जवाब देंगे।









