
अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में किए गए सर्वेक्षण में पात्र पाए गए लाभार्थियों की सूची के अनुमोदन के लिए जनपद में ग्राम सभा बैठकों का आयोजन किया जाएगा। यह बैठकें 06 जून 2026 से 20 जून 2026 तक रोस्टर के अनुसार आयोजित होंगी।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला और जिला विकास अधिकारी/प्रभारी परियोजना अधिकारी डीआरडीए की उपस्थिति में जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम सभा बैठकों में अधिक से अधिक जनभागीदारी पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम सभा बैठकों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण बैठक में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों की सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और चयन प्रक्रिया में स्पष्टता बनी रहे।
रोस्टर के अनुसार सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश
बैठकों का आयोजन निर्धारित रोस्टर के अनुसार किया जाएगा। इस दौरान सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम सभा बैठकों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।









