काशी पहुंचे अनंत अंबानी, बाबा विश्वनाथ का किया पूजन

काल भैरव और मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी किए दर्शन, सप्तऋषि आरती में हुए शामिल

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी ने मंगलवार देर शाम वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंगलवार शाम करीब 7:24 बजे अनंत अंबानी काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से अभिषेक किया और सप्तऋषि आरती में भी भाग लिया। वह करीब 30 मिनट तक आरती में मौजूद रहे और पूरे समय श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करते नजर आए।

इसके बाद अनंत अंबानी ने अन्नपूर्णा मंदिर में विशेष कुमकुम पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 21 ब्राह्मण अर्चकों ने पूजा संपन्न कराई। मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज ने उन्हें मां अन्नपूर्णा की चुनरी, स्फटिक माला और स्मृति-चिह्न भेंट किया।

पूजा-अर्चना के बाद अनंत अंबानी ने काल भैरव मंदिर में भी दर्शन किए और आरती उतारी। मंदिर परिसर में उन्होंने “हर-हर महादेव” के जयघोष भी लगाए। मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

करीब 45 मिनट तक काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में रहने के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और रात करीब 8:15 बजे वहां से रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button