कानपुर में महिला से बैडटच का आरोप, विरोध पर जान से मारने की धमकी

कूड़ा डालने घर से बाहर निकली थी महिला

  • मंदिर आते-जाते समय घूरने का भी लगाया आरोप
  • डायल-112 पर दी गई सूचना, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
  • आरोपी पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप

कानपुर। नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर बैडटच करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे वह घर के बाहर कूड़ा डालने गई थी। इसी दौरान आरोपी अखिल कुमार उर्फ पप्पू वहां पहुंचा और पीछे से उसके साथ गलत तरीके से छूने की हरकत की।

मंदिर जाते समय घूरने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे पहले भी मंदिर आते-जाते समय घूरता था। उसने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन रविवार रात हुई घटना के बाद वह सहम गई। महिला के मुताबिक, आरोपी नशे की हालत में था और दूसरी तरफ से जाने के बजाय जानबूझकर उसकी ओर आया।

विरोध के बाद घर में भागी महिला

महिला ने बताया कि आरोपी की हरकत के बाद वह डरकर घर के अंदर भाग गई। उसने घटना की जानकारी अपने सास-ससुर को दी। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी के नशे में होने की बात कहते हुए अगले दिन कार्रवाई करने की बात कहकर चले गए।

पुलिस के जाने के बाद धमकी देने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, पुलिस के मौके से जाने के बाद आरोपी ने फिर गाली-गलौज की और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई है और उसका एक साल का बेटा भी है। आरोपी भी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

कार्रवाई की मांग

पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि आरोपी की हरकत से वह डरी हुई है और उसे परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और आगे की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button