करतारपुर कॉरीडोर कल से खोलने का फैसला

नयी दिल्ली । केन्द्र सरकार ने गुरुनानक देव जी के 552 वें प्रकाश उत्सव के पहले पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के लिए गलियारे को कल से पुन: खोलने का निर्णय लिया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज यहां ट्वीट करके बताया कि सिख तीर्थयात्रियों के व्यापक लाभ के लिए सरकार ने करतारपुर कॉरीडोर को 17 नवंबर से फिर से खोलने का निर्णय लिया है। सरकार का यह निर्णय दर्शाता है कि मोदी सरकार गुरुनानक देव जी में असीम श्रद्धा एवं सिख समुदाय से अपार स्नेह रखती है।


श्री शाह ने कहा कि 19 नवंबर को देश गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव को मनाने के लिए तैयार है और श्री मोदी की सरकार के करतारपुर कॉरीडोर खोलने के निर्णय से देश में आनंद उल्लास बढ़ेगा। गुरु परब के मौके पर सिख समुदायों की ओर से करतारपुर कॉरीडोर पुन: खोलने की मांग की जा रही थी। भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करके करतारपुर कॉरीडोर खोलने की मांग की थी।


इससे पहले भी सरकार ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि गुरु नानक देव की जयंती के मौके पर करीब 1500 सिख तीर्थयात्रियों के एक जत्थे को 17 से 26 नवंबर के बीच पाकिस्तान भेजने का फैसला किया गया है। यह जत्था पाकिस्तान स्थित छह पवित्र गुरुद्वाराें – दरबार साहिब, श्रीपंजा साहिब, देहरा साहिब, श्रीननकाना साहिब, श्री करतारपुर साहिब और गुरुद्वारा श्री सच्चा सौदा की यात्रा करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button