जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की गोली मारकर हत्या, बदमाश ट्रेन से कूदकर फरार

वाराणसी के पास रात 2 बजे ट्रेन में सनसनीखेज वारदात, परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्री की मौत

  • जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की हत्या
  • बाथरूम से लौटते समय मारी गोली
  • वारदात के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी
  • हमलावर ट्रेन से कूदकर फरार

वाराणसी। जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार देर रात एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मुगलसराय रेलवे स्टेशन से करीब 3 किलोमीटर पहले ब्लॉक हट-बी के पास हुई। वारदात के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बिहार के गया जिले निवासी दिनेश साहू (42) अपने परिवार के साथ सीतापुर के नैमिषारण्य जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे वह बाथरूम से लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज सुनते ही यात्री घबरा गए और रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर हमलावर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि दो दिनों में ट्रेन में हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रविवार को पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button