गोरखपुर में CM योगी की रवि किशन पर चुटकी

बोले- अतिक्रमण हटाइए, पानी खुद निकल जाएगा

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान रवि किशन को पानी में उतरकर नाली साफ करते देखा था। इस पर उन्होंने सलाह दी कि यदि अतिक्रमण हटा दिया जाए तो पानी अपने आप निकल जाएगा।

दावत को लेकर भी किया मजाक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रवि किशन की ओर से दी गई दावत का भी जिक्र किया। उन्होंने लोगों से पूछा कि दावत में कितने लोग शामिल हुए थे। कुछ लोगों के हाथ उठाने पर योगी ने हंसते हुए कहा, “दोनों हाथ मत उठाइए।” इसके बाद माहौल हल्का हो गया। वहीं मंच पर मौजूद रवि किशन ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने पूरे क्षेत्र के लोगों को भोजन कराया था।

995 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने सुबह करीब 11 बजे गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने फ्लाईओवर पर पैदल चलकर निरीक्षण किया और 995 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

जल संरक्षण और अतिक्रमण हटाने पर जोर

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि देश में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नए फ्लाईओवर से रुस्तमपुर, आजाद चौक और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button