सीमा हैदर ने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा, घर में हुआ नामकरण संस्कार

नोएडा: पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर ने अपने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा है। गुरुवार को नोएडा के रबूपुरा स्थित उनके घर पर नामकरण संस्कार धूमधाम से संपन्न हुआ। इस दौरान घर में जागरण, कुंआ पूजन और संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नामकरण से पहले आयोजित जागरण में मोहल्ले की महिलाओं ने भाग लिया और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए पूजा के लिए निकलीं। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कुंआ पूजन किया गया।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सीमा हैदर ने कहा कि हिंदू धर्म में बेटे के जन्म पर नामकरण संस्कार किया जाता है और यह उनके लिए बेहद खुशी का पल है। उन्होंने बताया कि इससे पहले बेटी के जन्म पर भी कुंआ पूजन कराया गया था।

सीमा ने कहा कि उन्हें हिंदू धर्म पर गर्व है और भारत के लोगों से उन्हें काफी प्यार और सम्मान मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि वह क्रिकेट मैचों में भारत का समर्थन करती हैं और टीम की जीत के लिए प्रार्थना करती हैं।

बताया जा रहा है कि यह सीमा हैदर का छठा बच्चा है। उन्होंने 18 फरवरी 2026 को नोएडा के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। इससे पहले वह एक बेटी की मां बन चुकी हैं। सीमा के पाकिस्तान में पहले पति से चार बच्चे हैं, जबकि भारतीय पति सचिन मीणा से यह उनका दूसरा बच्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button