अयोध्या स्थित राम मंदिर में चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पद के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 11 और 12 अगस्त को आयोजित इंटरव्यू में अलग-अलग क्षेत्रों से चुने गए 16 उम्मीदवार शामिल हुए। अब सर्च कमेटी सभी उम्मीदवारों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर तीन नामों का पैनल तैयार करेगी।
सेना से कॉर्पोरेट सेक्टर तक के उम्मीदवार
CEO पद के लिए कुल 5,585 आवेदन मिले थे। कई चरणों की स्क्रीनिंग के बाद 16 उम्मीदवारों को आमने-सामने इंटरव्यू के लिए चुना गया। इनमें सेना के पूर्व अधिकारी, रिटायर्ड IAS-IPS अधिकारी, कॉर्पोरेट, शिक्षा और IT सेक्टर से जुड़े अनुभवी प्रोफेशनल शामिल हैं।
3,877 उम्मीदवारों ने CV भी जमा किए
कुल आवेदनों में 3,877 उम्मीदवारों ने अपने CV भी जमा किए थे। इनके आधार पर उम्मीदवारों की मैनेजमेंट क्षमता, बड़े आयोजनों और लोगों को संभालने का अनुभव, भाषा की जानकारी, विजन और रणनीतिक सोच जैसी क्षमताओं का आकलन किया गया।
इसके बाद 1,580 आवेदनों की विस्तृत जांच हुई। इनमें से करीब 111 उम्मीदवारों को ऑनलाइन बातचीत के लिए बुलाया गया। इस चरण में कम्युनिकेशन स्किल, प्रोफेशनल अनुभव, व्यक्तित्व, लीडरशिप, विजन और टेक्नोलॉजी की समझ को परखा गया।
50 से 70 साल के बीच है उम्मीदवारों की उम्र
ऑनलाइन मूल्यांकन के बाद 16 उम्मीदवारों को अयोध्या बुलाया गया। इन सभी की उम्र 50 से 70 साल के बीच है। उम्मीदवारों के पास सरकारी और निजी क्षेत्रों में काम करने का लंबा अनुभव है।
तीन सदस्यीय कमेटी ने लिया इंटरव्यू
CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी और न्यूक्लियर साइंटिस्ट डॉ. सुरेश हवरे शामिल हैं। कमेटी अब इंटरव्यू और अन्य मूल्यांकन के आधार पर तीन उम्मीदवारों का चयन करेगी।
ट्रस्ट करेगा अंतिम नाम पर फैसला
सर्च कमेटी तीन नामों का पैनल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी। इसके बाद ट्रस्ट तीनों उम्मीदवारों पर विचार कर राम मंदिर के CEO के लिए अंतिम नाम तय करेगा।









