वाराणसी एयरपोर्ट पर जांच के दौरान पिस्टल से चली गोली, दो कर्मचारी घायल

हथियार जांच के दौरान हुआ फायर, महिला कर्मचारी की जांघ में लगी गोली; यात्री हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एक महिला कर्मचारी समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। पुलिस और इंटेलिजेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान हुआ फायर

एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। जीयनपुर, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे उन्होंने विमान में ले जाने से पहले घोषित किया था।

हथियार की जांच के दौरान पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले फर्श से टकराई और इसके बाद पास खड़ी महिला कर्मचारी सुमन (32) की जांघ में जा लगी। गोली के छर्रे लगने से कर्मचारी रोहित राज के हाथ में भी चोट आई।

यात्री हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायर किस परिस्थितियों में हुआ और हथियार में गोली कैसे लोड थी।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वाराणसी एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया है। ऐसे समय में एयरपोर्ट परिसर में गोली चलने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।

पुलिस और इंटेलिजेंस टीम ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायल कर्मचारी ने बताया घटनाक्रम

सिक्योरिटी स्कैनर कर्मचारी रोहित ने बताया कि वह सुमन के साथ हथियार की एक्स-रे जांच के लिए काउंटर पर पहुंचा था। उसके मुताबिक यात्री ने पिस्टल निकाली और उसमें गोली पहले से लोड थी।

रोहित के अनुसार जांच के दौरान ट्रिगर दबने से फायर हुआ। सुमन सामने खड़ी थीं, इसलिए गोली उनकी जांघ में लगी, जबकि रोहित को छर्रे लगे। उन्होंने कहा कि ट्रिगर जानबूझकर दबाया गया या गलती से, यह वह नहीं बता सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button