रामपुर। रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के विवाद को लेकर एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसके प्राइवेट पार्ट में करंट लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को अपने गांव ले गया और ग्रामीणों को करंट लगने से मौत होने की बात बताई। पुलिस ने मामले में पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
मृतका नसरीन (36) को मायके से जमीन मिली थी। आरोप है कि उसका पति इसरार (42) उर्फ गुड्डू इस जमीन को बेचना चाहता था और इसके लिए उस पर लगातार दबाव बना रहा था।
नसरीन बच्चों के भविष्य को देखते हुए जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
हाथ-पैर बांधकर करंट लगाने का आरोप
मृतका के चाचा निसार अहमद के मुताबिक, 14 अगस्त की रात करीब 2 बजे जमीन बेचने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ। आरोप है कि इसरार ने नसरीन के साथ मारपीट की और उसके हाथ-पैर बांध दिए।
इसके बाद फर्राटा पंखे के तार से उसके प्राइवेट पार्ट में करंट लगाने का आरोप है। परिजनों के मुताबिक, नसरीन के शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले हैं। गले और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट होने की बात कही गई है।
शव गांव ले जाकर बताई करंट से मौत की कहानी
आरोप है कि घटना के बाद इसरार किराए की कार से नसरीन का शव अपने गांव भटपुरा तारन ले गया। शनिवार सुबह करीब 7 बजे गांव पहुंचने के बाद उसने ग्रामीणों को बताया कि उसकी पत्नी की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है।
ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद केमरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति समेत 6 लोगों पर हत्या का केस
घटना की जानकारी मिलने पर नसरीन के मायके वाले भी थाने पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पति इसरार, ससुर हनीफ, ननद बब्बो और रफत, ननदोई इस्तेकार और नूर आलम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने रविवार को आरोपी पति इसरार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।









