नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में नाबालिगों से गैंगरेप के सामने आए तीन मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। इनमें ग्रेटर नोएडा-दिल्ली चलती बस, स्वरूप नगर और कालकाजी के पास आस्था कुंज पार्क की घटनाएं शामिल हैं। जस्टिस जेबी पारदीवाला और के. विनोद चंद्रन की पीठ ने घटनाओं पर चिंता जताते हुए 2012 के निर्भया कांड का भी संदर्भ दिया और सवाल उठाया कि उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था से क्या सबक लिया गया।
तीन घटनाओं ने खींचा कोर्ट का ध्यान
सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान में दिल्ली-NCR में हाल के दिनों में सामने आई तीन घटनाएं आईं। इनमें सार्वजनिक स्थानों पर नाबालिगों के साथ यौन हिंसा के आरोप शामिल हैं। कोर्ट ने इन घटनाओं के साथ महिलाओं और बच्चों की सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी गंभीरता से देखा।
चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप
4 अगस्त को 16 वर्षीय नाबालिग के साथ चलती बस में गैंगरेप का मामला सामने आया। रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई थी और आरोपियों ने उसे कश्मीरी गेट के पास उतारा। पुलिस जांच में बस के करीब 47 किलोमीटर तक चलने और उसके शीशों पर पर्दे लगे होने की बात सामने आई।
स्वरूप नगर में गैंगरेप के बाद हत्या
12 सितंबर को स्वरूप नगर इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया। अगले दिन उसका शव खेत के पास खुले मैदान में मिला। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें तीन नाबालिग बताए गए हैं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/anshika-bronze-medal-state-wrestling/
आस्था कुंज पार्क में पुलिस बनकर पहुंचे आरोपी
21 सितंबर को कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी अपने दोस्त के साथ थी। पुलिस के अनुसार तीन युवक खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके पास पहुंचे और बाद में किशोरी के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में एक आरोपी असिफ को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी थी। पुलिस के अनुसार मौके से हथियार बरामद किया गया।
सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा पर सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पार्क, सड़क, बस, मेट्रो स्टेशन और सब-वे जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। कोर्ट ने गश्त और निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद दिल्ली के कई पार्कों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने कुछ स्थानों पर सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था में कमियों को भी चिन्हित किया है।









