इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अड्डा संतोषपुर में रविवार रात एक विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि महिला की फोटो पर फेक इंस्टाग्राम आईडी से आपत्तिजनक बातें लिखकर सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही थीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
पारिवारिक विवाद के बाद बढ़ी परेशानी
मृतका सपना पत्नी संदीप उर्फ बबलू के पति के मुताबिक, शनिवार को परिवार की ही महिला आरती ने उनकी मां और सपना के साथ मारपीट की थी। मामला पारिवारिक होने के कारण बाद में समझौता हो गया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद सपना के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फेक आईडी से अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने लगे।
ब्लॉक करने के बाद भी जारी रही पोस्ट
परिजनों के मुताबिक सपना ने उस इंस्टाग्राम आईडी को ब्लॉक कर दिया था। इसके बावजूद उसी आईडी से उसकी तस्वीरों पर आपत्तिजनक बातें लिखकर स्टेटस पर लगाई जाने लगीं।
परिवार ने आईडी चलाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। परिजनों का कहना है कि लगातार हो रही बदनामी से सपना काफी परेशान थी।
बाजार से लौटे पति तो मिला शव
पति संदीप ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे सपना ने उसे कुछ सामान लेने बाजार भेजा था। जब वह वापस लौटा तो घर में उसकी मां और बच्चे रो रहे थे।
संदीप के मुताबिक, उसकी मां ने बताया कि सपना ने फांसी लगा ली है। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।









