हाथरस में युवक की बेरहमी से पिटाई, मुंह पर पेशाब करने का आरोप

6 पर केस- सिकंद्राराऊ के वाजिदपुर गांव में बीच बाजार युवक को घेरकर पीटा

  • लोहे की रॉड से सिर पर वार और गले में गमछे का फंदा डालकर घसीटने का आरोप
  • गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया
  • पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया, बाकी की तलाश जारी

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में सोमवार शाम करीब 5 बजे 6-7 लोगों ने युवक को घेरकर पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने उसके मुंह पर पेशाब कर दी और लोहे की रॉड से सिर पर कई वार किए।

हमलावरों ने युवक के गले में गमछे का फंदा डालकर उसे सड़क पर घसीटा। मारपीट के दौरान युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया, लेकिन आरोपी इसके बाद भी उसकी पिटाई करते रहे।

लोगों के पहुंचने पर बाइक से भागे आरोपी

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की कोशिश की। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंची पुलिस को घायल युवक के पास से मोबाइल मिला। मोबाइल के जरिए पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। युवक की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पिता की तहरीर पर 6 नामजद

घटना के मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

चार महीने पहले भी हुई थी मारपीट

पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। करीब चार महीने पहले भी युवक के साथ मारपीट हुई थी। उस मामले में पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस का कहना है कि इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए आरोपी पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते सोमवार को युवक के साथ दोबारा मारपीट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button