घर में सोता रहा परिवार, छत के रास्ते घुसे चोर; लाखों के जेवर पार

जैतपुर के सिंघी पुरवा में रात में वारदात, कमरे का दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़ा

अंबेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के गोबरी चांदपुर के सिंघी पुरवा में मंगलवार रात चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह कमरे का सामान बिखरा मिलने और अलमारी का ताला टूटा देखकर चोरी की जानकारी हुई।
सिंघी पुरवा निवासी दिनेश कुमार मिश्रा के घर को चोरों ने निशाना बनाया। बताया गया कि चोर पीछे की ओर से छत पर चढ़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल ले गए।
बुधवार सुबह परिजन सोकर उठे तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर उसमें रखे आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना पर जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और घटना के तरीके के आधार पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button