घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, डीएम ने जारी की सतर्कता अपील

85.52 मीटर पर पहुंचा नदी का जलस्तर, खतरे के निशान से सिर्फ 4 सेंटीमीटर नीचे

अंबेडकरनगर। घाघरा/सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह आठ बजे टांडा पंप नहर, महरीपुर में नदी का जलस्तर 85.52 मीटर दर्ज किया गया। खतरे का निशान 85.56 मीटर है। जलस्तर खतरे के निशान से महज 0.04 मीटर नीचे है।

हालांकि पिछले दिन की तुलना में नदी का जलस्तर घट रहा है, लेकिन स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

डीएम की अपील: नदी किनारे न जाएं, सावधानी बरतें

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने नदी और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग नदी किनारे, जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाएं।

बच्चों और बुजुर्गों को नदी व तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील भी की गई है। जलभराव वाले स्थानों पर खुले विद्युत तारों और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

हर बदलाव पर प्रशासन की नजर

प्रशासन की ओर से घाघरा/सरयू नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों को भी आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन की अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा है। आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

जरूरत पड़ने पर निर्देशों का करें पालन

प्रशासन की ओर से रेस्क्यू, सुरक्षित स्थानों पर जाने या निकासी से संबंधित निर्देश जारी किए जाने पर उनका पालन करने को कहा गया है। अधिकारियों का फोकस नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव और निचले क्षेत्रों की स्थिति पर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button