स्क्रीन पर दिखा शौर्य, कक्षा में गूंजा राष्ट्रप्रेम

‘बॉर्डर’ और ‘क्रांति’ देख उत्साहित हुए विद्यार्थी

अंबेडकरनगर। शनिवार को जिले के कस्तूरबा गांधी और राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ देशभक्ति का पाठ भी देखने को मिला। विद्यालयों में विद्यार्थियों को ‘बॉर्डर’ और ‘क्रांति’ जैसी देशभक्ति फिल्मों का प्रदर्शन कराया गया। फिल्मों के माध्यम से बच्चों को देश के वीर जवानों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण से परिचित कराया गया।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशन में विद्यार्थियों में देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए यह गतिविधि कराई गई। फिल्मों के प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने रुचि के साथ उन्हें देखा।

जहांगीरगंज से जलालपुर तक विद्यालयों में हुआ प्रदर्शन

राजकीय हाईस्कूल जहांगीरगंज, राजकीय इंटर कॉलेज भीटी, कस्तूरबा गांधी विद्यालय रामनगर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जलालपुर और राजकीय बालिका हाईस्कूल अहरौली रानीमऊ समेत जिले के अन्य कस्तूरबा गांधी और राजकीय विद्यालयों में फिल्में दिखाई गईं।

देशभक्ति फिल्मों के जरिए विद्यार्थियों को सेना के जवानों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को समझने का अवसर मिला।

फिल्मों से समझाया, जिम्मेदारी निभाना भी देशभक्ति

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि देशभक्ति केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है। अपने दायित्वों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाना भी राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी है।

विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, परिश्रम, सद्भावना और जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें समाज के प्रति सकारात्मक सोच रखने और अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button