रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात, यूपी में 3 दिन रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा

27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक सुविधा; महिला के साथ एक पुरुष सहयात्री भी कर सकेगा निशुल्क सफर

रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। महिला के साथ यात्रा करने वाले एक पुरुष सहयात्री को भी यह सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को रक्षाबंधन के दौरान परिवहन और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिए।

900 से ज्यादा बसों में भी सुविधा

महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा नगर विकास विभाग के तहत संचालित 900 से अधिक बसों में भी उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन है। त्योहार पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और घर जाएंगी। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में परिवहन निगम की सभी बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बस स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, फर्स्ट एड और प्रतीक्षालयों में पर्याप्त लाइट-पंखे की व्यवस्था बेहतर करने के भी निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी चालू रहेगा।

प्राइवेट वाहनों की मनमानी पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेंपो यूनियनों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निजी वाहन संचालक यात्रियों से निर्धारित किराया ही लें।

ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, अधिक किराया वसूलने और यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button